Home राज्यफेसलेस सेवा से घरों में कैद हो गईं हजारों गाड़ियां, A-4 पेपर पर मिल रहीं आरसी, मजाक बनी व्यवस्था

फेसलेस सेवा से घरों में कैद हो गईं हजारों गाड़ियां, A-4 पेपर पर मिल रहीं आरसी, मजाक बनी व्यवस्था

by News Camp

Report By: Sachin Gupta

The News Camp, लखनऊ। लखीमपुर खीरी के दीपक वर्मा ने सेकेंड हैंड कार UP 31 CN 0561 खरीदी। विभागीय व्यवस्था के तहत फेसलेस सेवा में उनकी प्रक्रिया पूरी हुई। आरसी ऑनलाइन ही प्रिंट करने का विकल्प आया तो उन्होंने कर लिया। ए-4 साइज पेपर मिली आरसी के डिस्क्लेमर में लिखा था कि ‘This print-out is only the Registration Certificate related information from parivahan.gov.in portal. This is not the original Registration Certificate. The applicant must collect the original Registration Certificate from issuing office.’ यानी यह आरसी सिर्फ प्रिंट है, ओरिजिनल नहीं है। मूल आरसी आरटीओ ऑफिस से मिलेगी।

लखीमपुर खीरी लखनऊ संभाग का हिस्सा है तो अपने जिले के एआरटीओ के मना करने वह भागे-भागे आरटीओ लखनऊ पहुंचे। यहां अफसरों ने साफ कह दिया कि ऑफिस के अंदर से आरसी दिये जाने की कोई एसओपी ही नहीं है, इसके बाद दीपक वर्मा को मुख्यालय भेजा गया। जहां पर आईटी के अफसरों ने समस्या सुनने तक से मना कर दिया। अब दीपक वर्मा परेशान हैं कि ए-4 पेपर की आरसी लेकर गाड़ी कैसे चलाएं। परिवहन विभाग ने अपनी सभी सेवाओं को फेसलेस तो कर दिया लेकिन आईटी टीम उसकी खामियों को सुधार नहीं पा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत नई आरसी को लेकर हो रही है। क्योंकि, आरटीओ के अफसरों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि फेसलेस आवेदन की आरसी कैसे मिलेगी, इसको लेकर ना तो मुख्यालय से किसी प्रकार का कोई आदेश आया है और ना ही मॉर्थ ने इस संबंध में स्पष्ट गाइडलाइन्स जारी की हैं। जबकि, फेसलेस सेवाओं को लागू किए हुए करीब दो माह का समय बीत गया है।

80 हजार से ज्यादा गाड़ियां अटकी

विभागीय सूत्रों ने बताया कि प्रदेश भर में करीब 80 हजार ऐसे वाहन स्वामी मूल आरसी नहीं मिलने से परेशान हैं। वो आरटीओ कार्यालयों के चक्कर काटने को विवश हैं। मूल आरसी नहीं मिलने की वजह से वाहन स्वामी गाड़ी बाहर नहीं निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि खासकर दूसरे राज्यों में जाने पर इस तरह की आरसी को लेकर पेंच अटक सकता है। क्योंकि, ऑनलाइन प्रिंट की हुई आरसी पर स्पष्ट लिखा है कि यह ओरिजिनल नहीं है। ऐसे में बड़ी संख्या में वाहन मालिक डर की वजह से गाड़ी नहीं निकाल पा रहे हैं।

मुख्यालय ने साधी चुप्पी

प्रदेश भर से आरटीओ और एआरटीओ परिवहन विभाग मुख्यालय के आईटी डिपार्टमेंट को इस संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश जारी किये जाने को लेकर पत्र लिख रहे हैं। क्योंकि प्रतिदिन आरटीओ कार्यालय में वाहन स्वामी आकर अपनी समस्या का निदान नहीं होने से हंगामा कर रहे हैं। वहीं इस मामले में अपर परिवहन आयुक्त आईटी वीके सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो पाई। वाहन स्वामियों का कहना है कि मुख्यालय में अधिकारी मिलने से साफ इनकार कर दे रहे हैं।

एटीएस का पोर्टल दो दिन पहले खुला

यूपी में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के आवेदन के लिए 12 अक्टूबर को पोर्टल खोला जाना था। उसके बाद ही आवेदन किए जा सकते थे, लेकिन सूत्रों ने बताया कि पोर्टल 10 अक्टूबर को ही ऑटोमेटिक खुल गया और पांच लोगों ने आवेदन कर डाले। फीस भी कट गई। परिवहन विभाग के अधिकारी अब सकते में हैं कि आखिर ऐसा हो कैसे गया? एटीएस गाड़ियों की फिटनेस की जांच के लिए प्राइवेट सेंटर होते हैं। आवेदक पोर्टल के पहले खुलने के संबंध में अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन आईटी के अफसरों ने फोन उठाना बंद कर दिया है। विभाग की ओर से अभी तक इस संबंध में स्पष्टीकरण भी नहीं जारी किया गया है।

You may also like