Home Uncategorizedआरटीओ की ऑनलाइन सेवाओं से रार, बिना जांच पड़ताल धड़ल्ले से NOC हो रहीं जारी

आरटीओ की ऑनलाइन सेवाओं से रार, बिना जांच पड़ताल धड़ल्ले से NOC हो रहीं जारी

by News Camp

Report By: Sachin Gupta

The News Camp, लखनऊ। परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाएं आवेदकों और कर्मचारियों के बीच विवाद की जड़ बनती जा रहीं हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत ऑटो अप्रूवल सेवाओं में हैं। बड़ी संख्या में आवेदक वाहनों के ट्रांसफर आदि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। आवेदन के साथ ही एनओसी का ऑटो अप्रूवल लेकर जब आरटीओ ऑफिस में आरसी के लिए आवेदक पहुंच रहे हैं तो बताया जा रहा है कि अपलोड किए गए प्रपत्र अधूरे हैं। आवेदकों का कहना है कि अगर प्रपत्र अधूरे हैं तो उनको एनओसी कैसे मिल रही है। ऐसी स्थिति में देखा जाए तो आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी और आवेदक दोनों ही अपनी जगह सही हैं। यही विवाद की जड़ है।

ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ ऑफिस में पिछले दिनों वाहन UP65BZ9122, UP32JQ7374, UP32FR2626, UP32GY8037, UP32JX9988, UP32KM9524, UP32KX8959, UP32GE5911, UP32LR4333, UP32KA6565, UP32QE3862, UP32XN2497, UP32KB9803, UP32JM9253, UP32FZ4834, UP32PB7459 के आवेदक एनओसी लेकर पहुंचे थे। जांच में पता चला कि इन वाहनों पर चालान पेंडिंग हैं। ऐसे में इनको आरसी जारी नहीं किया जा सकता। इसके अलावा वाहन UP32LN0507, UP32KJ9822, UP32JM1893, UP32JM8821 ,UP32JC2777, UP32E1891, UP32NN4313, UP32RC9221 की एनओसी तो मिल गई थी, लेकिन इन वाहनों के दस्तावेज अधूरे थे। इनमें से कई वाहन ऐसे हैं जिनमें कोई सादे पेपर अपलोड कर दिए गए थे और एनओसी जारी कर दी गई थी। इन पूरे मामलों को लेकर आरटीओ लखनऊ की ओर से परिवहन विभाग मुख्यालय को पत्र भेजा गया है।

राजस्व का भी नुकसान

आरटीओ ऑफिस में ऐसे प्रकरण रोज आने लगे हैं। ऑनलाइन सेवाओं की इन खामियों की वजह से विवाद की स्थिति तो बन ही रही है, साथ ही सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। बहुत से ऐसे वाहन हैं जिन पर चालान पेंडिंग के साथ ही टैक्स भी बकाया है। ऐसे में इनको पोर्टल पकड़ नहीं पा रहा है।

डीएल की खामियां बरकरार

परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं को एनआईसी के सर्वर पर संचालित किया जा रहा है। चार साल से ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदनों में सैकड़ों शिकायतें मुख्यालय को भेजी गई हैं। यहां से शिकायतें मॉर्थ तक गई हैं, लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। वहीं विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन व्यवस्था का हवाला देकर जिम्मेदारियों से मुक्त हो गए हैं। आवेदक दर-दर की ठोकरें खाने को विवश हैं।

You may also like