Home राज्यप्रदेश के सभी RTO कार्यालयों में एकसाथ हुई जांच, मचा हड़कंप

प्रदेश के सभी RTO कार्यालयों में एकसाथ हुई जांच, मचा हड़कंप

by News Camp

The news camp, Lucknow। देवा रोड स्थित एआरटीओ कार्यकाल में जांच के दौरान अनुपस्थित मिलने पर दो कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए हैं। इसकी मदद से बाहरियों की सांठगांठ को देखा जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को लखनऊ समेत प्रदेश के सभी आरटीओ और आरटीओ कार्यालयों में अधिकारियों ने जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ कार्यालय में अयोध्या परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त और देवा रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय में अपर परिवहन आयुक्त व लखनऊ परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। एक साथ प्रदेश के सभी कार्यालय में हुई इस जांच की रिपोर्ट सोमवार को जारी की जाएगी।

अयोध्या परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त राज कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मुख्यालय से मिले दिशा निर्देश के बाद लखनऊ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। इसके तहत अनधिकृत व्यक्तियों के सम्बन्ध में पूछताछ की गई। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का परीक्षण किया गया। वहीं कार्यालय कार्मिकों की उपस्थिति देखी गई। साथ ही साथ आईएनसी सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। देवा रोड एआरटीओ कार्यालय में पहुंचीं अपर परिवहन आयुक्त चित्रलेखा सिंह और उप परिवहन आयुक्‍त लखनऊ परिक्षेत्र राधेश्याम me कार्यालय परिसर के बाहर व परिसर में खड़े कुछ व्‍यक्तियों से रैण्‍डम संवाद किया गया। जिसमें उनके कार्यालय आने का कारण आदि की पूछताछ की गयी। इन आवेदकों के पास उपलब्‍ध उनके आवेदनों और पहचान पत्रों का अवलोकन किया गया, ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह व्‍यक्ति स्‍वयं आवेदक हैं या अनधिकृत व्‍यक्ति। पूछताछ में सभी व्‍यक्ति आवेदक ही पाये गये। इसके अतिरिक्‍त इन आवेदकों से यह भी पूछा गया कि उनसे किसी कार्मिक या व्‍यक्ति द्वारा कोई अतिरिक्‍त धनराशि की मांग तो नहीं की गयी है। इन आवेदकों द्वारा इससे इंकार किया गया।

प्राइवेट कर्मियों के पास नहीं था आईडी कार्ड

पूछताछ के क्रम में कार्यालय परिसर में कार्य कर रहे कार्मिकों पटलों का निरीक्षण किया गया। कार्यालय में उपस्थित सभी सरकारी कार्मिकों ने आईडी कार्ड लगाया था, लेकिन लाइसेंस प्रिटिंग कार्य के लिए सेवा प्रदाता कंपनी के कार्मिकों के पास कंपनी का कोई आईडी कार्ड नहीं पाया गया। एआरटीओ हिमांशु जैन ने बताया कि कंपनी ने कार्ड नहीं दिए हैं। इन कर्मियों को भी कार्ड दिलाये जाने के निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी फुटेज तलब

अपर परिवहन आयुक्त ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कवरेज आदि का भी परीक्षण किया। कार्यालय में 13 सीसीटीवी कैमरे लगे पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि कैमरों की 15 दिन की रिकार्डिंग सुरक्षित रहती है। निर्देश दिये गए कि इस रिकार्डिंग को मुख्‍यालय को उपलब्‍ध कराया जाये। इसके साथ ही कार्यालय के समस्त रिकार्ड रूमों का भी निरीक्षण किया गया।

You may also like