The News Camp, लखनऊ: असुरक्षित संचालन और दुर्घटनाओं का पर्याय बन चुकी प्राइवेट बसों के खिलाफ आखिरकार प्रवर्तन की टीम चेकिंग अभियान के लिए उतर गई है। मंगलवार की देर रात अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) के.डी. सिंह के नेतृत्व में लखनऊ के आसपास के जनपदों की टीमों ने पुलिस के सहयोग से सख्त अभियान चलाया। इस दौरान कई बसों को सीज किया गया तथा 16 बसों का चालान काटा गया।

यह कार्रवाई ‘The News Camp’ की पड़ताल के बाद हुई है, जिसने अधिकारियों की नींद खोल दी। ‘The News Camp’ के संवाददाता सचिन गुप्ता ने विस्तृत पड़ताल कर अधिकारियों की लापरवाही उजागर की थी, जिसके बाद अफसर एक्शन में आए हैं।
उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ की प्रवर्तन टीमों के साथ उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र (लखनऊ) राधेश्याम भी मौके पर मौजूद रहे। प्रवर्तन टीम ने देर रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर उन एसी बसों के विरुद्ध सघन चेकिंग कार्रवाई की, जो बस बॉडी कोड का उल्लंघन कर रही थीं, सुरक्षा उपकरणों में कमी रखती थीं और यात्री सुरक्षा में लापरवाही बरत रही थीं।

इस अभियान के दौरान बस बॉडी कोड का उल्लंघन करने, अपूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ संचालित होने और परमिट शर्तों के उल्लंघन के आरोप में 16 बसों का चालान किया गया तथा 12 बसों को निरुद्ध (सीज) किया गया। देर रात तक यह अभियान जारी रहा।
रिपोर्टर सचिन गुप्ता की रिपोर्ट ने खोली थी पोल
प्राइवेट बसों की खामियों को लेकर ‘The News Camp’ के संवाददाता सचिन गुप्ता ने एक विशेष पड़ताल की थी, जिसके बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों की नींद खुली। इसका असर यह हुआ कि मंगलवार की देर रात अधिकारियों ने आगरा एक्सप्रेस-वे पर छापेमारी करते हुए कई अनियमित बसों को सीज कर दिया।
