The News Camp, लखनऊ (20 August 2026): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल और पॉश इलाके गोमतीनगर से एक दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आईसीआईसीआई बैंक में बतौर रिलेशनशिप मैनेजर कार्यरत महिला अधिकारी दिव्या मिश्रा की उनके पति ने बैंक के बाहर ही गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली।

यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं मृतका
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका दिव्या मिश्रा मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। दिव्या आलमबाग की रहने वाली थीं और गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में पदस्थ थीं। वहीं उनका पति साकेत बाजपेई (मानस) भी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

स्टेटस में लिया प्रज्ञा व भरत का नाम
आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद मोबाइल पर अपना स्टेटस लगाया था। जिसमें उसने लिखा था कि वह आप अपनी और बहन की भी हत्या करने जा रहा है। उसने यह भी लिखा की पत्नी की हत्या इसलिए की क्योंकि वह उसको चीट कर रही थी। आरोपी ने अपने स्टेटस में अभी लिखा है कि इस मामले में पत्नी की बहन प्रज्ञा और भरत सारी चीज जानते हैं। गौरतलब है कि आरोपी की पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने भरत यादव से शादी की है। दोनों एक प्रतिष्ठित यूट्यूबर हैं। पुलिस ऑफिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

पहले से घात लगाकर बैठा था पति, कोर्ट में चल रहा था तलाक का केस
स्थानीय लोगों से हुई पूछताछ के मुताबिक, दिव्या मिश्रा अपने किसी क्लाइंट से मुलाकात करने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान बैंक के बाहर पहले से घात लगाकर बैठा उनका पति साकेत वहां पहुंचा। दोनों के बीच मामूली बातचीत हुई, जो देखते ही देखते बहस में बदल गई। इसके बाद साकेत ने पिस्तौल निकालकर दिव्या पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं।
आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में पुलिस ने दिव्या को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दिव्या और साकेत के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे और करीब एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की गई थी।
घर जाकर बहन की हत्या की, फिर खुद को उड़ाया
पत्नी पर गोली चलाने के बाद आरोपी साकेत सीधे करीब एक किलोमीटर दूर अपने आवास पर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। दो-दो हत्याओं को अंजाम देने के बाद साकेत ने खुद पर भी गोली चला ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों के इस तरह खूनी अंत के बाद पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और तलाक का विवाद ही इस खूनी वारदात की मुख्य वजह नजर आ रहा है।