Home राज्यजलापूर्ति परियोजनाओं में देरी पर सख्ती, हर हफ्ते दो-दो जलार्पण कराने के निर्देश

जलापूर्ति परियोजनाओं में देरी पर सख्ती, हर हफ्ते दो-दो जलार्पण कराने के निर्देश

by News Camp

The News Camp, लखनऊ (17 August)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जल आपूर्ति परियोजनाओं में किसी भी तरह की देरी पर सख्त रुख अपनाया है। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में मंडलवार समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि पेयजल योजनाओं में लेटलतीफी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम में तेजी लाने के लिए उन्होंने मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं को हर सप्ताह दो-दो जलार्पण कराने के निर्देश दिए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में जलशक्ति मंत्री ने पिछले एक महीने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जरूरत पड़ने पर मैनपावर बढ़ाई जाए, लेकिन काम तय समय पर ही पूरा होना चाहिए। अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों में रात्रिप्रवास कर भ्रमण करने और मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने साफ किया कि योजनाओं में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह, स्टेट कोऑर्डिनेटर डीके सिंह और मुख्य अभियंता एके सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You may also like