Home Uncategorized20-21 अगस्त को होगी कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी, जानें पूरा ब्यौरा

20-21 अगस्त को होगी कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी, जानें पूरा ब्यौरा

ई-लॉटरी में नहीं होगी गड़बड़ी, लगेगी बड़ी स्क्रीन और लाउडस्पीकर

by News Camp

The News Camp, लखनऊ (17 August): उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों के वितरण के लिए 20 और 21 अगस्त को जिला स्तर पर ई-लॉटरी का आयोजन किया जाएगा। वहीं, राज्य स्तर पर हो रही बुकिंग की ई-लॉटरी 21 अगस्त को कृषि निदेशालय स्तर से संपन्न होगी। इस संबंध में प्रदेश के सभी जनपदीय उप कृषि निदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

विभाग के अनुसार, नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन और अन्य योजनाओं के तहत किसानों ने पोर्टल पर 16 जुलाई से 10 अगस्त तक बुकिंग कराई थी। जिन यंत्रों के लिए तय लक्ष्य से अधिक आवेदन आए हैं, उनका चयन ई-लॉटरी से होगा। हालांकि, जिन योजनाओं (जैसे- फसल अवशेष प्रबंधन योजना) में लक्ष्य के बराबर ही बुकिंग हुई है, उन सभी किसानों की बुकिंग 19 अगस्त को स्वतः कंफर्म हो जाएगी और वहां लॉटरी की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ई-लॉटरी में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLSC) के सदस्यों की मौजूदगी में होगी। निदेशालय ने कहा है कि इसका आयोजन ऐसे सार्वजनिक स्थान पर किया जाए जहां किसान इसे देख सकें। मौके पर बड़ी स्क्रीन, लाउडस्पीकर और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। साथ ही, किसानों को प्रक्रिया समझाने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई जा सकती है।

लॉटरी की तिथि, समय और स्थान की जानकारी 19 अगस्त तक निदेशालय को भेजनी होगी, जिससे इसे पोर्टल पर पब्लिश किया जा सके। लॉटरी के दौरान मौजूद अधिकारियों के दस्तखत वाली उपस्थिति पंजिका भी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। किसानों को लॉटरी की सूचना स्थानीय अखबारों, फोन और विभागीय कर्मचारियों के जरिए दी जाएगी।

You may also like