The News Camp, लखनऊ (18 August): अगर आप भी लखनऊ से दिल्ली के बीच सफर करते हैं और तेजस एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके बड़े काम की है। देश की पहली कॉर्पोरेट ट्रेन ‘तेजस एक्सप्रेस’ का नाम 21 अगस्त से बदलने जा रहा है। अब यह ट्रेन *स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’* के नाम से पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी।
भारतीय रेलवे और IRCTC के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी स्पॉन्सरशिप डील के तहत पूरी ट्रेन का नाम ही बदल दिया गया है।अब सिर्फ स्टीकर नहीं, टिकट पर भी छपेगा ब्रांड का नामअब तक के नियमों के मुताबिक कंपनियां सिर्फ ट्रेन के कोचों (डिब्बों) पर अपने प्रोडक्ट्स के स्टीकर या रैप लगाकर ही प्रचार कर पाती थीं। लेकिन प्राइवेट ट्रेन होने के नाते IRCTC ने तेजस के लिए एक नया मॉडल तैयार किया है। इसके तहत जो भी ब्रांड तय रेट पर ब्रांडिंग अधिकार खरीदेगा, उसका नाम ट्रेन के नाम के साथ जोड़ दिया जाएगा।

मशहूर सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड ‘स्प्राइट’ के साथ यह करार फिलहाल तीन महीने (21 अगस्त से 13 नवंबर) के लिए किया गया है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो इस करार को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अन्य ट्रेनों में भी यह व्यवस्था लागू की जा सकती है।
अनाउंसमेंट से लेकर टिकट बुकिंग तक… सब बदलेगा
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि 21 अगस्त से गाड़ी संख्या 82501/82502 को बदले हुए नाम से ही संचालित किया जाएगा।
• रेल आरक्षण: IRCTC की वेबसाइट या काउंटर से टिकट बुक करते वक्त अब ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ नाम ही शो होगा।
• स्टेशनों पर अनाउंसमेंट: दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर अब रास्ते में पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर अनाउंसमेंट के दौरान इसे ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ ही पुकारा जाएगा।
एक नजर में बदलाव:
• ट्रेन नंबर: 82501 / 82502 (लखनऊ – नई दिल्ली)
• नया नाम: स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस
• अवधि: 21 अगस्त से 13 नवंबर (3 महीने के लिए)
• संचालक: IRCTC