The News Camp लखनऊ 26 August 2026: रक्षाबंधन पर्व पर परिवहन निगम की बसों में 27 अगस्त की सुबह 6:00 बजे से 29 अगस्त की रात 12:00 बजे तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस अवधि के लिए जिन यात्रियों ने पहले से ही ऑनलाइन या एडवांस टिकट बुक करा लिया है, उन्हें परिवहन निगम रिफंड की सुविधा देगा।
अग्रिम व ऑनलाइन बुकिंग पर रिफंड का नियम
निगम प्रबंधन के अनुसार, यदि किसी महिला यात्री ने इस छूट की अवधि (27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे) के लिए पहले से टिकट खरीद रखा है, तो महिला व उनके एक सहयात्री का किराया वापस किया जाएगा।
ऑनलाइन और एपीआई टिकट: वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बुक कराए गए टिकट की धनराशि 31 अगस्त के बाद स्वतः ऑनलाइन रिफंड कर दी जाएगी।
काउंटर टिकट: यदि एडवांस टिकट काउंटर से क्रय किया गया है, तो यात्रा समाप्ति के 72 घंटे के भीतर निगम के किसी भी काउंटर से रिफंड प्राप्त किया जा सकता है।
बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की प्रातः 06:00 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक समस्त बसों में महिला यात्री और उनके एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। बसों की ईटीआईएम मशीनों को अपडेट कर दिया गया है, जिनमें 27 अगस्त से तीन विकल्प— ‘Pay by cash’, ‘Pay by UPI’ और ‘Women’ दिखाई देंगे। परिचालक ‘Women’ ऑप्शन चुनकर शून्य मूल्य का टिकट जारी करेंगे। मशीन खराब होने की स्थिति में ब्लैंक टिकट बुक से लगेज टिकट जारी कर उस पर “महिला यात्री एवं सहवर्ती निःशुल्क टिकट” की मुहर लगाई जाएगी।
कर्मियों को प्रोत्साहन और मॉनिटरिंग
26 अगस्त से 31 अगस्त (कुल 6 दिन) तक चलने वाले इस प्रोत्साहन अभियान में नियमित, संविदा और आउटसोर्स चालकों, परिचालकों और कार्यशाला कर्मियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को 05 सितंबर तक निःशुल्क यात्रा का पूरा विवरण (टिकट संख्या व मूल्य) मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, बस स्टेशनों पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कमांड सेंटर सक्रिय रखने का आदेश दिया गया है।