Home राज्यZen-Z बनेंगे कल्चरल एम्बेसडर, 60 सेकंड की वीडियो बदल देगी भाग्य, पर्यटन विभाग की ये पहल जान लीजिए 

Zen-Z बनेंगे कल्चरल एम्बेसडर, 60 सेकंड की वीडियो बदल देगी भाग्य, पर्यटन विभाग की ये पहल जान लीजिए 

by News Camp

The News Camp, लखनऊ: डिजिटल दुनिया में युवाओं की बढ़ती दिलचस्पी और सोशल मीडिया के प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अनोखी पहल की है। यूपी पर्यटन विभाग के ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत अब ‘जेन-जी’ (युवा पीढ़ी) अपने-अपने शहरों के कल्चरल एम्बेसडर बनेंगे।

60 सेकंड में दिखानी होगी शहर की झलक

इस अभियान के जरिए प्रदेश के युवाओं को अपने शहर की अनकही कहानियों, स्थानीय संस्कृति, खान-पान और खास पहचान को दुनिया के सामने लाने का मौका मिलेगा। युवाओं को 60 सेकंड की एक रील बनानी होगी, जिसमें वे अपने शहर की विरासत, सदियों पुरानी परंपराओं या पर्यटकों की नजरों से दूर रहे किसी अल्पज्ञात स्थल के बारे में बताएंगे। इसका उद्देश्य तस्वीरों से आगे बढ़कर स्थानीय निवासियों के सीधे अनुभवों के जरिए यूपी के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर प्रमोट करना है।

रील बनाने के लिए जरूरी नियम

  • वीडियो की अवधि अधिकतम 60 सेकंड होनी चाहिए।
  • प्रतिभागी का खुद कैमरे के सामने आना जरूरी है, जिसमें चेहरा स्पष्ट दिखे और आवाज साफ हो।
  • कोई रटी-रटाई स्क्रिप्ट नहीं होगी; युवाओं को अपने शब्दों और अपने खास अंदाज में कहानी सुनानी होगी।
  • रील की शूटिंग किसी खुले स्थान पर होनी चाहिए, जिसके बैकग्राउंड में शहर का कोई प्रमुख पर्यटन स्थल या ऐतिहासिक जगह नजर आए।
  • प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी में रील बना सकते हैं, लेकिन वीडियो के अंत में ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ कहना अनिवार्य होगा।

अनोखे नजरिए से दुनिया देखेगी यूपी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान केवल प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। हर जिले, शहर और गांव का अपना अलग खान-पान, हस्तशिल्प और रीति-रिवाज है। इस अभियान से जुड़कर युवा अपनी आवाज में इन खासियतों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे। पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात का कहना है कि 60 सेकंड की ये रील्स यूपी की समृद्ध विरासत, आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य को एक नए नजरिए से पेश करेंगी, जिससे कम चर्चित जगहों को भी बड़ी पहचान मिलेगी।

कैसे भेजें अपनी प्रविष्टि?

अभियान में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी अपनी वीडियो प्रविष्टियां ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से भेज सकते हैं। अधिक जानकारी और मार्गदर्शन के लिए प्रतिभागी उत्तर प्रदेश पर्यटन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जाकर अभियान से जुड़े वीडियो भी देख सकते हैं।

You may also like