Home राज्यDL टेस्ट में दो बार हो गये फेल? 6,000 रुपए का करना होगा ये कोर्स

DL टेस्ट में दो बार हो गये फेल? 6,000 रुपए का करना होगा ये कोर्स

by News Camp

Sachin Gupta (The News Camp) लखनऊ: राजधानी लखनऊ में परिवहन विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और वाहनों के पंजीकरण से जुड़े नियमों व व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव किए हैं। अब ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट में फेल होना आवेदकों को और महंगा पड़ेगा।

लगातार दो बार टेस्ट में फेल होने पर अभ्यर्थी को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह की ट्रेनिंग लेनी होगी, जिसके लिए 6,000 रुपये फीस चुकानी पड़ेगी। इसके बाद ही परमानेंट DL जारी किया जाएगा।

लखनऊ में प्रत्यायन चालक प्रशिक्षण केंद्र (ADTC) शुरू होने के बाद राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव ने इस संबंध में प्रदेश के सभी RTO, ARTO और संभागीय निरीक्षकों को आदेश जारी कर दिया है। काकोरी के उदेत खेड़ा मौंदा स्थित ADTC में टेस्ट प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

ट्रेनिंग पूरी होने के बाद सेंटर द्वारा ‘सारथी’ पोर्टल पर फॉर्म 5B जनरेट किया जाएगा, जिसके आधार पर ही आवेदक का परमानेंट DL बनेगा।

एक हफ्ते के अनिवार्य कोर्स में क्या होगा?

21 घंटे का प्रशिक्षण: लगातार दो बार टेस्ट में फेल होने पर आवेदक को 1 सप्ताह तक कुल 21 घंटे की ट्रेनिंग दी जाएगी।

नियम और पार्किंग: 8 घंटे गाड़ी चलाकर सभी नियमों का पालन करवाया जाएगा। फोर व्हीलर की पार्किंग 60 सेकंड में करना सिखाया जाएगा।

फोर व्हीलर ट्रैक टाइमिंग: 8 के आकार वाले ट्रैक पर गाड़ी 75 सेकंड में चलानी होगी। ग्रेडिएंट 60 सेकंड और रिवर्स 120 सेकंड में पूरा करना होगा।

टू-व्हीलर के नियम: दोपहिया वाहनों में पार्किंग, 8 के आकार के ट्रैक और ग्रेडिएंट को 45-45 सेकंड तथा रिवर्स को 50 सेकंड में पूरा करना अनिवार्य होगा।

You may also like